डूंगरपुर, 22 अगस्त । जिले के सागवाडा नगर पालिका भवन को लेकर पूर्व में कार्यकर्ताओं के बीच उपजे मतभेद और रोष का आखिरकार आपसी संवाद और सहमति से सकारात्मक और सुखद समाधान निकल आया है। इस संबंध में सागवाड़ा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आयोजित की गई, जिसमें सभी गिले-शिकवे भुलाकर एकजुटता का संदेश दिया गया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रमुखता से मांग उठाई थी कि पुराने नगर पालिका भवन की जगह का उपयोग पूरी तरह से सागवाड़ा नगर की जनता के हित में किया जाए, ताकि आमजन से जुड़े रोजमर्रा के आवश्यक कार्य सुगमता से पुरानी जगह पर भी उपलब्ध रहें। कार्यकर्ताओं की इस जायज मांग पर विचार करते हुए भाजपा के सभी पदाधिकारियों ने जनता को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में पुरानी जगह पर भी जनहित से जुड़े कई कार्य संचालित किए जाएंगे, जबकि शेष भूमि पर नगर की जनता के लिए एक उपयोगी और आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण विषय पर विधायक शंकरलाल डेचा, नगर प्रभारी एवं पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, कांतिलाल डामोर, हेमंत दादा पाठक और पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं ने गहन चर्चा की और आपसी सहमति से सर्वमान्य समाधान निकाला।
इस सुलह और समन्वय के माहौल के बीच पार्टी हित में एक और बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व में निष्कासित किए गए कार्यकर्ताओं नीरज पंचाल, कुटबुद्धीन कोठी, विजय पंचाल, नरेन्द्र गोवाड़िया, हबीब भाई का निष्कासन पूरी तरह से निरस्त कर दिया गया है। इन सभी को पुनः आधिकारिक रूप से भाजपा परिवार में शामिल कर लिया गया है।
सागवाड़ा के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपसी मनमुटाव को हमेशा के लिए समाप्त कर पूरी एकजुटता के साथ आगामी नगर पालिका बोर्ड का गठन करने और नगर विकास तथा जनहित के कार्यों को गति देने का दृढ़ संकल्प लिया है।