इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के किसान जल संसाधन विभाग का करेंगे घेराव

इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के किसान जल संसाधन विभाग का करेंगे घेराव

जगदलपुर, 18 मार्च (हि.स.)। इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बस्तर के किसान पानी की मांग को लेकर बुधवार 19 मार्च को बोधघाट स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे। किसानाें का कहना है कि फ़सल काे हम मरते नहीं देख सकते। पिछले कई दिनों से पानी को लेकर हमारा संघर्ष जारी है, लेकिन अभी तक कोई निर्णय किसानों के हित में धरातल पर नहीं उतर सका है।

इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण बघेल का कहना है कि जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग के द्वारा किसानों को कोई राहत नहीं दी गई है, जिसके चलते प्रभावित किसानों द्वारा परेशान होकर यह निर्णय लिया गया है कि बुधवार को सभी किसान जल संसाधन विभाग का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों द्वारा जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग को ज्ञापन के माध्यम से खेती के लिए पानी की मांग करने के बाद अधिकारियों से सिर्फ सांत्वना मिली । किसानों ने स्वयं जोरा नाला पंहुचकर इंद्रावती नदी में पानी के बहाव को गति प्रदान के प्रयास के बाद भी किसानों के हिस्से में पानी नसीब नहीं हुआ है।

जिसके बाद विरोध स्वरूप इंद्रावती नदी बचाओ संघर्ष समिति ने जल संसाधन विभाग के घेराव का निर्णय लिया है। जिसमें बस्तर, तोकापाल एवं लोहंडीगुड़ा ब्लॉक के इंद्रावती नदी के प्रभावित किसान उपस्थित होंगे। घेराव को लेकर बस्तर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बस्तर जगदलपुर एसडीएम तथा ताेकापाल एसडीएम को सूचना दी गई है।