ट्रैक्टर से टकराई बाइक, विवाह के 27 दिन पहले दूल्हे की मौत

ट्रैक्टर से टकराई बाइक, विवाह के 27 दिन पहले दूल्हे की मौत

पलामू, 13 अप्रैल (हि.स.)। पलामू प्रमंडल अंतर्गत गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र में एक बाइक के अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा जाने के कारण बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच में रेफर किया गया है। घटना में मृत युवक की पहचान भंडरिया थाना क्षेत्र के मर्दा निवासी मनराखन सिंह का पुत्र दयानंद सिंह (26) के रूप में हुई है।

वही घायल युवक मिथुन लकड़ा का 17 वर्षीय पुत्र मणिकांत लकड़ा है। दयानंद की 27 दिनों के बाद शादी होने वाली थी।

बताया जाता है कि दयानंद सिंह अपने साथ मणिकांत को लेकर बाइक से भंडरिया जा रहा था। इसी क्रम में नौका गांव स्थित परभन मंदिर के पास उन्होंने एक अज्ञात ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार 10 मई को दयानंद की शादी रमकंडा थाना क्षेत्र के बिराजपुर में तय हुई थी। घर में इसकी सारी तैयारी चल रही थी। बताया गया कि शादी कार्ड से लेकर साउंड, टेंट और आर्केस्ट्रा की भी बुकिंग हो चुकी थी, लेकिन शादी से पहले घर में मातम छा गया।

—————