कार्यकर्ता सिरसा को बनाएं इनेलो का अभेद्य किला: आदित्य देवीलाल

कार्यकर्ता सिरसा को बनाएं इनेलो का अभेद्य किला: आदित्य देवीलाल

सिरसा, 17 अप्रैल (हि.स.)। डबवाली से इनेलो विधायक एवं हिसार जोन के प्रभारी आदित्य देवीलाल ने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर सिरसा को इनेलो का अभेद्य किला बनाएं तथा अपनी ऊर्जा, उत्साह से इनेलो को संगठनात्मक तौर पर देश का सबसे मजबूत संगठन बनाएं। विधायक आदित्य देवीलाल बुधवार देर शाम इनेलो जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज इनेलो एक बड़े और मजबूत संगठन के रूप में उभर रहा है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता में उत्साह का संचार पाया जा रहा है।

विधायक ने कहा कि सत्ता तक पहुंचने का साधन मजबूत संगठन और उत्साही कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि इनेलो सत्तासीन हो, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को मिलकर किन्हीं कारणों से रूठे हुए पुराने कार्यकर्ताओं को फिर से संगठन से जोडऩा होगा तथा घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों व योजनाओं को प्रचारित करना होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता 10 बूथ का एक जोन बनाएं और उस पर समर्पण भाव से कार्य करें। हिसार जोन प्रभारी आदित्य ने कहा कि चौधरी देवीलाल 36 बिरादरियों के नेता थे और इनेलो ने कभी भी जाति धर्म की राजनीति नहीं की जबकि भाजपा जाति धर्म की राजनीति कर समाज में अवसाद का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन की गलत नीतियों से आज प्रदेश में खेल व खिलाडिय़ों को नुकसान पहुंचाया है।

बैठक में रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ओमप्रकाश चौटाला ने इनेलो को सदैव मजबूत किया जिसके बूते इनेलो अनेक बार सत्तासीन हुई। उनकी कमी आज खूब महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा की गलत नीतियों से उसे सत्ता से हटाने का मन बना लिया है और विकल्प के रूप में इनेलो की ओर देख रही है। उन्होंने कहा कि इनेलो की ताकत उसके कार्यकर्ता ही हैं। उन्होंने आह्वान किया कि पार्टी के प्रति समर्पित लोगों को इनेलो संगठन का सशक्त हिस्सा बनाएं।

—————