राकसमुंडा तालाब की जांच हाेगी, तालाब गांव का हाेगा तो मुक्त कराया जायेगा : तहसीलदार
जगदलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। नगर पालिक निगम क्षेत्र अंतर्गत गुरु गोविंद सिंह वार्ड में स्थित राकसमुंडा तालाब पर अवैध कब्जा की शिकायत पर पार्षद संग्राम सिंह राणा, तहसीलदार रूपेश कुमार मरकाम एवं पटवारी बीआर पोरते की उपस्थिति में रविवार काे वार्ड वासियों के साथ स्थल का निरीक्षण किया गया। पार्षद वार्डवासियाें का कहना है कि तालाब पर कब्जा एक गंभीर समस्या है। गुरु गोविंद सिंह वार्ड के राकसमुंडा तालाब सालों से किसी व्यक्ति द्वारा कब्जा किया हुआ है, इस बात को वार्डवासी एवं पटेल पुजारी सभी जानते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण की आवश्यकता है।
तहसीलदार मरकाम ने कहा वार्ड वासियों के शिकायत पर स्थल का निरीक्षण किया गया, पुराने रिकॉर्ड निकला जाएगा। मैं जल्द टीम गठित कर रहा हूं, जिसमें आरआई, पटवारी, नजुल शाखा के अधिकारीगण स्थल निरीक्षण कर मुझे अवगत कराएंगे। तालाब गांव की हाेगी तो उसे मुक्त किया जायेगा। उस जगह में जितने भी नजूल की जमीन निकलेंगे उसे भी मुक्त करवाया जाएगा।
पार्षद संग्राम सिंह राणा ने कहा प्रशासन अपना काम कर रहा है। तहसीलदार स्वयं इस पर संज्ञान लिए हैं। तालाबो पर अवैध कब्जे को रोकने के लिए कानूनी उपाय उपलब्ध है। प्रशासन समुदाय और सभी लोगों को मिलकर इस समस्या से निपटने के लिए काम करना चाहिए। वार्ड वासियों ने रहने के लिए पट्टे की भी मांग की है, तहसीलदार ने जल्द निराकरण करने की बात कही है। इस अवसर पर तेज सिंह ठाकुर, प्रभांश गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, भोलू,सालिक राम गुप्ता, जयंती डे सहित वार्ड वासी उपस्थित थे।
—————