मुनिन्दर धर्मार्थ ट्रस्ट ने आध्यात्मिक सत्संग व दहेज मुक्त विवाह का किया आयोजन
जगदलपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। मुनिन्दर धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा रविवार काे शहर के सिटी ग्राउंड में आध्यात्मिक सत्संग व दहेज मुक्त विवाह का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों का विनाश करके स्वच्छ भारत का निर्माण करना है। इस अवसर पर 4 जोड़े दहेज मुक्त विवाह के बंधन में बंधे। सात लोगों ने महारानी अस्पताल में रक्तदान किया, वहीं 100 लोगों ने पेड़ दान संकल्प का फॉर्म भरा।
इस अवसर पर कार्यक्रम में शामिल हाेने पंहुचे महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि संत रामपालजी महाराज के सानिध्य में और मुनिन्दर धर्मार्थ ट्रस्ट द्वारा आयोजित दहेज मुक्त, बारात मुक्त, बैंड बाजा मुक्त विवाह समाज को एक नई दिशा देगा। समाज में बदलाव तो आएगा साथ ही नई पीढ़ी को एक नई दिशा भी देगा। समाज में गरीबी, अशिक्षा जैसी बहुत सारी विसंगतियां फैली हुई है। विसंगतिया दूर करने आध्यात्म का बड़ा योगदान व महत्व है। आज शहर में जिस तरह का आयोजन हुआ है, ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता फैले और लोग दहेज मुक्त विवाह में शामिल हों। समाज में दहेज प्रथा एक कलंक है, इसे दूर करना हम सब का कर्तव्य है। इसके लिए सभी समाज आगे बढ़े व जागृत हो तभी इस समस्या से निजात पाया जा सकता है। भारत की नीति वेद, पुराण, शास्त्र, संत, मुनि है। भारत को परम वैभव तक ले जाना हमारा कर्तव्य है। इस दाैरान पूर्व विधायक राजाराम तोड़ेम, नगर निगम सभापति खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, शशिनाथ पाठक आदि मौजूद रहे।
—————