हर की पैड़ी पर फहराया गया तिरंगा

हरिद्वार, 26 जनवरी (हि.स.)। श्री गंगा सभा के तत्वावधान में 75 वें गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को हर की पैड़ी पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान गाया गया। झंडा गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम व महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने फहराया। इस मौके पर सभा के उपाध्यक्ष मनोज झा, कोषाध्यक्ष अविनाश श्रोत्रिय ,सुधीर कुंएवाले, अनुराग लिब्बारेहड़ी ,दुष्यंत कुंएवाले सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रगान के बाद लोगों ने भारत माता के जयघोष के साथ जय श्रीराम के नारे भी लगाए।

गंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम और महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दिन देश में संविधान लागू हुआ था और लोकतंत्र की स्थापना हुई थी। देश के नागरिकों को अधिकार आज ही के दिन मिले थे। हम सभी संविधान का पालन करते हुए अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और राष्ट्र व समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करें, यही संविधान की मूल भावना है।