गर्मी के साथ बढ़े डायरिया और जलजनित रोगों के मामले, डॉ. अजय पाठक ने दी सतर्कता बरतने की सलाह

गर्मी के साथ बढ़े डायरिया और जलजनित रोगों के मामले, डॉ. अजय पाठक ने दी सतर्कता बरतने की सलाह

नाहन, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर में मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है और गर्मियों की दस्तक के साथ ही तापमान में भी वृद्धि होने लगी है। खासकर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। इसी के साथ जिले में जलजनित रोगों जैसे डायरिया और डाइसेंट्री के मामले भी बढ़ने लगे हैं।

नाहन स्थित डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. अजय पाठक ने लोगों को इन रोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्मियों में साफ-सफाई और खानपान में सावधानी बरतकर इन बीमारियों से बचा जा सकता है।

डॉ. पाठक ने बताया कि इस मौसम में जलजनित रोग तेजी से फैलते हैं। यदि लोग व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करें, विशेषकर हाथों की सफाई और शुद्ध जल का सेवन करें, तो इन रोगों से आसानी से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि बासी भोजन से परहेज करना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह भी संक्रमण का कारण बन सकता है।

उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अगर कुएं या बावड़ी का पानी उपयोग में लाया जा रहा है, तो उसे अच्छी तरह उबालकर ही पीना चाहिए। घर के किसी सदस्य को डायरिया या डाइसेंट्री होने पर बाकी लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, क्योंकि गंदे हाथों के माध्यम से यह बीमारी दूसरों में भी फैल सकती है।

डॉ. पाठक ने यह भी कहा कि यदि किसी को ऐसे लक्षण नजर आएं तो बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाएं, ओआरएस का सेवन करें और शरीर में पानी की कमी न होने दें।

—————