जयपुर, 06 सितंबर । नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले की 18 नगर निकायों में 9 सितंबर को होने वाले मतदान के लिए रविवार को ईवीएम कमीशनिंग का कार्य किया गया। भवानी निकेतन स्थित फार्मेसी कॉलेज परिसर में जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक की निगरानी में कमीशनिंग प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
इनमें दो नगर परिषद चौमूं और शाहपुरा तथा 16 नगर पालिकाएं दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली एवं कालाडेरा शामिल हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने परिसर का निरीक्षण कर ईवीएम कमीशनिंग सहित चुनाव से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदानकर्मियों को निर्देश दिए कि चुनाव संबंधी सभी कार्य पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुचारू रूप से संपादित किए जाएं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में निर्धारित प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी मेघराज मीणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, संबंधित नगर निकायों के रिटर्निंग अधिकारी तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी मौजूद रहे।