ड्रॉपआउट बच्चों के लिए 10 मई तक चलेगा विशेष अभियान
पलामू, 25 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त शशि रंजन ने शुक्रवार को ‘स्कूल रुआर 2025’ अभियान का शुभारंभ किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन में आयोजित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला में उपायुक्त ने अभियान की शुरुआत की। यह अभियान ड्रॉपआउट बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए चलाया जा रहा है। जो आगामी 10 मई तक चलेगा। उपायुक्त ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा, ‘बचपन में शिक्षा की अनदेखी केवल एक बच्चे का नुकसान नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र की क्षति है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए।
कार्यशाला में जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, बाल संरक्षण इकाइयां, गैर-सरकारी संगठन, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं और मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अभियान के तहत 10 स्कूलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में उच्च गुणवत्ता वाले प्री-रिकॉर्डेड लेक्चर की शुरुआत की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि आने वाले दाे-तीन वर्षों में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र आदर्श केंद्रों के रूप में परिवर्तित किए जाएंगे। बच्चों को स्कूल आने के लिए प्रेरित करने के लिए ‘सीटी बजाओ, स्कूल चलो’ अभियान निरंतर चलाया जाएगा।
उपायुक्त ने ड्रॉपआउट दर के कारणों को जानने के लिए जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और अन्य पदाधिकारियों से संवाद किया। उपस्थित लोगों ने शिक्षा के प्रति जागरूकता की कमी, प्रवासी मजदूरी, घरेलू कार्यों में बच्चों का लगना और प्रेरणा की कमी को प्रमुख कारण के रूप में बताया।
कार्यशाला में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीना, छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी आशीष गंगवार, डीपीआरओ डॉ असीम कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश, जिला शिक्षा अधीक्षक संदीप कुमार, सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा सहित अन्य शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित थे।
—————