कपिल मिश्रा ने सुनीं जनसमस्याएं, अफसरों को दिए समाधान करने के निर्देश
-करावल नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दिल्ली सरकार प्रतिबद्ध
नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग के मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र करावल नगर के सभापुर स्थित एसडीएम कार्यालय में जन सुनवाई कैंप का आयोजन किया। इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जन सुनवाई के दौरान लोगों ने मंत्री कपिल मिश्रा से सीधे संवाद करते हुए अपनी समस्याएं बताईं। मिश्रा ने समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। लोगों ने अपनी समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति संतोष एवं प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर कपिल मिश्रा ने कहा कि करावल नगर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए दिल्ली सरकार संकल्पित है। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से जनता को अपने विधायकों एवं मंत्रियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलता है। हम सब मिलकर करावल नगर को विकसित दिल्ली की यात्रा में एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि जन सुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था, जिसमें सरकार और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सका।
—————