कोटड़ा में शिक्षक ने परीक्षा के दौरान 9वीं के छात्र से कटवाया मुर्गा
उदयपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उदयपुर जिले के सुदूरवर्ती जनजाति क्षेत्र कोटड़ा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सावन क्यारा में एक शिक्षक द्वारा विद्यार्थी से मुर्गा कटवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय में अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान कक्षा 9वीं के छात्र से शिक्षक मोहनलाल डोडा ने दबाव डालकर मुर्गा कटवाया और सफाई करवाई।
ग्रामीणों के अनुसार परीक्षा के दौरान विद्यार्थी को मुर्गा लाने भेजा गया। परिजनों को जब इस बात की भनक लगी तो उन्होंने जनप्रतिनिधियों को सूचना दी। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष एडवोकेट हिम्मत तावड़ ने उपखंड अधिकारी हंसमुख कुमार, जिला कलेक्टर और जनजाति क्षेत्र के मंत्री बाबूलाल खराड़ी को अवगत कराया। जनजाति मंत्री ने तत्काल जिला कलेक्टर से घटना की रिपोर्ट मांगी।
उपखंड अधिकारी हंसमुख कुमार ने विद्यालय पहुंचकर जांच शुरू की। उन्होंने संबंधित विद्यार्थी और अन्य विद्यार्थियों से पोषाहार वितरण व परीक्षा के दौरान हुई घटना के संबंध में बयान लिए गए।
उपखंड अधिकारी हंसमुख कुमार ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि परीक्षा के समय शिक्षक विद्यार्थी को लेकर गया और फिर मुर्गे के मांस के साथ फरार हो गया। जिला प्रशासन द्वारा संकलित रिपोर्ट जिला कलेक्टर को भेज दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।
—————