तोरपा के गांवों में समस्याओं का अम्बार, तीन किमी दूर से लाना पड़ता है पानी
खूंटी, 26 अप्रैल (हि.स.)। तोरपा प्रखंड की हुसिर पंचायत के लतौली, हेसलटोली, गुडलूपीड़ी सहित आसपास के कई गांव मं समस्याओं का अंबार लगा है। इन गांव-टोलों के लोग आज भी बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे बुंनियादी समस्याओं से महरूम हैं। इस बात को लेकर लतौली में कई गांवों के ग्रामीणों की बैठक हुई, जिसमें इस बात पर रोष व्यक्त् किया गया कि सरकार का ध्यान गावों के विकास पर नही है।
बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि रोन्हे से लेकर लतौली जिलीगंबुरू तक लगभग आठ किलोमीटर सड़क की स्थिति बहुत ही दयनीय है। कुटीबेड़ा-रोड़ेबादा के पास सड़क पूरी तरह टूटी हुई है। लतौली ग्राम में तो सड़क बनी ही नही। ग्रामीण अब भी कच्ची जर्जर सड़क पर चलने को मजबूर हैं। लतौली के टोला लोदोबाड़ी एवं पीड़ीटोली में आठ हजार लीटर क्षमता वाली पानी ट़की बनाई गई है, पर ग्रामीणों ने बताया कि वहां से हाथ धोने तक का पानी नहीं मिलता। गांव के लोग तीन किलोमीटर की दूरी तया कर बांस के पुल बने पुल से पार होकर डाड़ी का पानी लाते हैं।
गांव वालों ने बताया लतौली के टोला हेसलटोली में भी ग्रामीण टापूनुमा जगह में रहने को विवश है, क्योंकि पपड़ा सोरेंग नदी पर पुल नहीं के कारण हेसलटोली के ग्रामीण बरसात के दिनों में अन्य जगहों से पूरी तरह कट जाते हैं। बरसात के दिनों में बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी परेशानी होती है। सड़क के अभाव में गांव के लोग अपने कृषि उत्पादों को बाजार तक ले जा पाते। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम सभा के माध्यम से प्रशासन को आवेदन देकर नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग की , पर किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। हेसलटोली में ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 40 वर्ष पहले एक चापानल खोदा गया था। गांव के लोग उसी चापानल पर आश्रित हैं। लतौली राजकृत उत्क्रमित विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि स्कूल के बच्चे भी पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। स्कूल का भवन भी काफी जर्जर हो गया, जिससे हमेशा खतरा बना रहता है। बैठक में मौजूद आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सह खूंटी सांसद प्रतिनिधि विलसन तोपनो, जिला आदिवासी कांग्रेस की महासचिव सह तोरपा सांसद प्रतिनिधि हेलेन तिंडू ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
—————