जातिगत जनगणना सामाजिक न्याय और समावेशी विकास में क्रांतिकारी कदम: नरेन्द्र कश्यप
गाजियाबाद, 4 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जातिगत जनगणना कराने के ऐतिहासिक निर्णय की खुशी में भारतीय जनता पार्टी ने जश्न मनाया। भाजपाइयों ने मिठाई बांटी और की आतिशबाजी कर इस फैसले काे लेकर खुशी का इजहार किया।
घंटाघर में रविवार को 11 बजे भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल एवं मंत्री स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेन्द्र कश्यप के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयाेजन
किया गया। सैकड़ों की संख्या में एकत्र भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने माला पहनाकर दोनों नेताओं का स्वागत किया और लड्डू बांटकर इस ऐतिहासिक निर्णय का जश्न मनाया। मंत्री नरेंद्र कश्यप एवं मयंक गोयल ने प्रधानमंत्री मोदी के चित्र पर लड्डू अर्पित किए। उत्साह और समर्थन की भावना में आतिशबाजी भी की गई। इस ऐतिहासिक निर्णय को लेकर नेताओं एवं जनसाधारण ने इसे सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया।
मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के लिए एक साहसिक और दूरदर्शी निर्णय लिया है। जातिगत जनगणना से सभी वर्गों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का सटीक आकलन होगा, जिससे योजनाएं और अधिक प्रभावी एवं न्यायसंगत बन सकेंगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि यह निर्णय समाज के सभी वर्गों को उनकी असली पहचान और अधिकार दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के सिद्धांत को जमीनी हकीकत में बदल रहे हैं।
इस अवसर पर सौरभ जायसवाल, मनोज यादव, राजेश गुप्ता, प्रदीप चौधरी, हरेंद्र चौधरी, भूपेश शर्मा, राम त्यागी, तनुज खन्ना सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
—————