हरिद्वार, 09 अक्टूबर । कन्या गुरुकुल के राजेंद्र छात्रावास परिसर में शुक्रवार को नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी आयोजित की गई। कार्यक्रम में छात्राओं ने विभिन्न शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान कशिश दत्ता को मिस फ्रेशर चुना गया।
कार्यक्रम में डॉ.दीपा गुप्ता ने छात्राओं को शिक्षा,अनुशासन और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने के साथ विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन सीखने और आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। छात्राएं इन अवसरों का लाभ उठाकर अपने लक्ष्य हासिल कर सकती हैं।
डॉ.रेखा सिंह ने कहा कि महाविद्यालय जीवन प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयास करने का आह्वान किया।
वहीं,डॉ. प्राची रंगा ने गुरुकुल परंपरा की गौरवशाली विरासत और शैक्षिक मूल्यों से छात्राओं को परिचित कराया। उन्होंने शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन शिवांगी राठौर ने किया। इस अवसर पर विशाखा शर्मा, रितिका राणा, दिया चौधरी, शीतल, अंजलि और प्रतिज्ञा भारती सहित अन्य छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित छात्राओं को एक-दूसरे से परिचित होने और संस्थान से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
