फतेहाबाद : नाबालिग का अपहरण व रेप के प्रयास मामले में मुख्य आरोपित गिरफ्तार

फतेहाबाद : नाबालिग का अपहरण व रेप के प्रयास मामले में मुख्य आरोपित गिरफ्तार

फतेहाबाद, 4 मई (हि.स.)। टोहाना पुलिस ने एक नाबालिग युवती का अपहरण कर बंधक बनाने और उससे रेप करने का प्रयास के मामले में मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।

रविवार को थाना शहर टोहाना प्रभारी ने इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह ने बताया कि इस बारे पुलिस ने 1 मई को केस दर्ज किया था। शिकायतकर्ता महिला ने कहा था कि उसकी करीब 16 साल की लडक़ी 10वीं की परीक्षा के बाद चण्डीगढ़ रोड स्थित एक कोचिंग अकैडमी में जाती है। उसकी लडक़ी सुबह कोचिंग सेंटर जाने के लिए जैन समाधि के पास बस की इंतजार में खड़ी थी। तभी राघव गोयल जोकि उसकी मौसी का पोता है, वहां आया और अपने साथ चलने को कहा, लेकिन लडक़ी ने जाने से मना किया तो उसने उसके छोटे भाई को जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता महिला का आरोप है कि इसके बाद राघव उसकी लडक़ी को बहला-फुसला कर जबरदस्ती अपने साथ पटियाला के समाना ले गया। वहां उसने अपने दोस्त को कार लेकर बुलाया और समाना के पार्क में उसकी लडक़ी को लाल चूड़ा डलवाकर अपने घर ले गया। वहां उसके परिवार के लोग भी मौजूद थे। वहां राघव ने जबरन उसकी लडक़ी की मांग में सिंदूर भर दिया और मंगलसूत्र पहना दिया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद राघव ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की लेकिन उसकी लड़की के शोर मचाने पर वह चला गया। शिकायतकर्ता महिला ने कहा कि वह अपनी लडक़ी को ढूंढते हुए राघव के घर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से उसे छुड़वाया। महिला की शिकायत पर टोहाना पुलिस ने आरोपिताें के खिलाफ केस दर्ज कर मुख्य आरोपित पंजाब के जिला पटियाला के कुलारां निवासी राघव गोयल पुत्र राजेन्द्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।