दहेज के 55 हजार नहीं मिलने पर मंडप से भागा दूल्हा, पुलिस ने करायी शादी
पलामू, 9 मई (हि.स.)। दहेज का बकाया 55 हजार रूपये नहीं मिलने और डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक दूल्हा मंडप छोड़कर भाग गया। काफी समझाने के बाद भी जब दूल्हा वापस नहीं लौटा तो इसकी शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस की मौजूदगी होते ही दूल्हा और उसके परिजन शादी के लिए तैयार हुए। पुलिस बैठकर अपनी मौजूदगी में शादी कराई और फिर दुल्हन की विदाई कराई। यह पूरा मामला जिले के तरहसी थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। थाना क्षेत्र के मंझौली गांव में यह घटना हुई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक परिवार को मिली खुशी की प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र के कनौदी गांव से बारात मंझौली गांव आई थी। दूल्हा ईश्वरी कुमार यादव शुक्रवार तड़के 2.30 बजे बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। काफी देर बाद बरात पहुंचने से दुल्हन पक्ष में नाराजगी थी। बारात के आने के बाद डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर विवाद हुआ। बाद में मामला दहेज तक चला गया। बकाया 55 हजार दूल्हा और उसके परिजन दुल्हन के पिता से मांगने लगे। बात काफी बढ़ गई। बकाया रूपये नहीं मिलने पर दूल्हा को उसके परिवार के लोग मंडप से उठाकर ले गए। बाराती पक्ष शादी करने को तैयार नहीं था। दुल्हन पक्ष के जरिये काफी समझाया गया, लेकिन दहेज का बकाया 55 हजार रुपये देने के बाद ही शादी करने की बात कही गई। ऐसी स्थिति में दुल्हन के पिता ने तरहसी थाना प्रभारी नीरज कुमार से शिकायत की।
थाना प्रभारी ने अवर निरीक्षक अशोक राम को दलबल के साथ मौके पर भेजा। जैसे ही दूल्हा और उसके रिश्तेदार को जानकारी हुई की पुलिस मौके पर पहुंची है । वह तत्काल शादी स्थल पर पहुंचे और बिना किसी डिमांड के शादी करने को तैयार हो गए। शुक्रवार को सुबह पांच बजे से लेकर 7 बजे तक शादी हुई। जब तक शादी हुई तब तक पुलिस मंडप के पास बैठी रही। दूल्हे के पिता और बाराती ने बकाया दहेज को लेकर किसी तरह की बात नहीं की। शादी के बाद पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन को विदा किया गया।
अवर निरीक्षक अशोक राम ने दूल्हा एवं उसके पिता को चेतावनी देते हुए कहा कि दुल्हन के साथ किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं होनी चाहिए। शादी हो गई है और इज्जत प्रतिष्ठा के साथ लड़की को साथ में रखना है।
—————