नाहन मेडिकल कॉलेज की शिफ्टिंग का ब्राह्मण सभा ने किया विरोध, जल्द कार्य शुरू करने की मांग

नाहन मेडिकल कॉलेज की शिफ्टिंग का ब्राह्मण सभा ने किया विरोध, जल्द कार्य शुरू करने की मांग

नाहन, 18 मई (हि.स.)। नाहन में शनिवार को श्री ब्राह्मण सभा द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें सभा के अध्यक्ष पंडित सुखदेव शर्मा ने नाहन मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करने के प्रयासों का कड़ा विरोध जताया।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है और इसे शीघ्र शुरू किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित करने की चल रही कवायद को क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय करार दिया।

सुखदेव शर्मा ने आरोप लगाया कि कुछ निर्वाचित जनप्रतिनिधि अपनी राजनीति चमकाने के लिए इस शिफ्टिंग का प्रयास कर रहे हैं, जिससे नाहन शहर को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य यथास्थान ही पूरा किया जाए।

सभा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि मेडिकल कॉलेज के विस्तार के लिए डीसी आवास, सीएमओ रेजिडेंस, सर्किट हाउस जैसी जगहों को स्वास्थ्य विभाग को सौंपा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर कई बीघा जमीन उपलब्ध है, जहां आधुनिक मेडिकल सुविधाओं के साथ कॉलेज का निर्माण किया जा सकता है।

सभा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने नाहन मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट करने की प्रक्रिया को नहीं रोका, तो क्षेत्र की जनता इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी।

—————