नारनौलः भारत को विकसित बनाने में हरियाणा का होगा मुख्य योगदानः नायब सैनी

नारनौलः भारत को विकसित बनाने में हरियाणा का होगा मुख्य योगदानः नायब सैनी

नारनाैल, 18 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए एकजुट होकर काम करना है।

हरियाणा को देश के विकास का इंजन बनाना है। 2047 तक विकसित भारत बनाने में विकसित हरियाणा का मुख्य योगदान होगा। वह रविवार को महेंद्रगढ़ में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने लगातार तीसरी बार जनादेश देने के लिए हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए अपने संकल्प पत्र के संकल्पों में से हमारी सरकार ने 22 संकल्पों को पूरा कर भी दिया है और 90 संकल्पों पर काम जारी है।

उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प पत्र केवल घोषणा नहीं है, बल्कि जनता को दिया गया वचन है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम आगे बढ़ रहे हैं, जो कहा है वो करेंगे, हमारी नीति नीयत और नेतृत्व तीनों स्पष्ट है।

हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। हमारा लक्ष्य पूरे हरियाणा का संतुलित विकास करना है और इस संकल्प पर हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर हरियाणा को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाएं और 2047 तक विकसित भारत बनाने में विकसित हरियाणा के रूप में अपना योगदान दें।

विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 1570 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस सरकार के 10 सालों में केवल 700 करोड़ रुपये के काम हुए।

हमारी डबल इंजन सरकार ने कांग्रेस के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा काम करवाए हैं और अब तो प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है और विकास के काम तीन गुणा गति से होंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महेंद्रगढ़ को विकास के मामले में आगे बढ़ाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा।

—————