डीआईजी फायर ने निरीक्षण कर आग की घटनाओं से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा

डीआईजी फायर ने निरीक्षण कर आग की घटनाओं से निपटने की तैयारियों का लिया जायजा

फिरोजाबाद, 19 मई (हि.स.)। डीआईजी फायर सूर्यकांत त्रिपाठी ने सोमवार को अग्निशमन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली आग की घटनाओं से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी सूर्यकांत त्रिपाठी ने अग्नि बुझाने में प्रयोग होने वाले यंत्रों की जानकारी ली। उन्होंने गाड़ियों के प्रेशर की जांच की और विभाग में उपलब्ध गाड़ियों की संख्या की समीक्षा की। साथ ही अतिरिक्त गाड़ियों की आवश्यकता के बारे में भी जानकारी जुटाई।

श्री त्रिपाठी ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं सबसे अधिक होती हैं। आंधी और तेज हवा के दौरान भी आग लगने का खतरा रहता है। उन्होंने निर्देश दिए कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को तुरंत मौके पर पहुंचना होगा।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मेस में खाने की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने सीएफओ सत्येंद्र कुमार पांडे और एफएसओ दुर्गेश कुमार सहित अन्य कर्मचारियों को कार्य के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।