नई दिल्ली, 29 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट के एडिशनल सेशंस जज हरदीप कौर ने न्यूजक्लिक के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और एचआर हेड अमित चक्रवर्ती की न्यायिक हिरासत 17 फरवरी तक बढ़ा दी है। आज प्रबीर पुरकायस्थ और अमित चक्रवर्ती की न्यायिक हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने 20 जनवरी को दोनों की न्यायिक हिरासत आज तक बढ़ाई थी। कोर्ट ने दोनों को 20 जनवरी तक की न्यायिक हिरासत में भेजा था। 22 दिसंबर, 2023 को ही कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को न्यूज क्लिक के खिलाफ यूएपीए के तहत लगे आरोपों की जांच के लिए 60 दिनों का समय और दे दिया था। दिल्ली पुलिस ने कहा था कि इस मामले की जांच के लिए और समय की जरूरत है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जांच के लिए 90 दिन और दिए जाने की मांग की थी। कोर्ट ने 9 जनवरी को अमित चक्रवर्ती को सरकारी गवाह बनने की अनुमति दी थी।
प्रबीर पुरकायस्थ और अमित चक्रवर्ती को दिल्ली पुलिस ने 3 अक्टूबर, 2023 को गिरफ्तार किया था। दोनों को न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी उस खबर के आधार पर गिरफ्तार किया गया था, जिसमें कहा गया था कि न्यूजक्लिक को चीनी प्रोपेगेंडा को बढ़ाने के लिए पैसे मिले हैं। खबर के मुताबिक अमेरिकी मिलियनेर नेविली रॉय सिंघम ने न्यूजक्लिक को चीनी प्रोपेगेंडा को बढ़ावा देने के लिए धन दिया था।