राजीव ने ही देश को शामिल किया आधुनिकता की दौड़ में : कांग्रेस
पश्चिमी सिंहभूम, 21 मई (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर बुधवार को कांग्रेस भवन, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) में कांग्रेसियों ने भावभीनी श्रद्धांजली अर्पित की। पूर्व प्रधानमंत्री को कांग्रेसियों ने एक दूरदर्शी प्रधानमंत्री बताते हुए कहा कि राजीव गांधी ने ही भारत को आधुनिकता की दौड़ में शामिल करने का काम किया। संचार क्रांति उन्हीं की देन है।
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी भारत में सूचना क्रांति के जनक माने जाते हैं। देश के कंप्यूटराईजेशन और टेलीकम्युनिकेशन क्रांति का श्रेय भी राजीव गांधी को ही जाता है।
स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण और मतदाता की उम्र 21 वर्ष से कम करके 18 वर्ष तक के युवाओं को चुनाव में वोट देने का अधिकार दिलवाने का कार्य भी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में ही किया था।
दास ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने पंचायत राज व्यवस्था लागू करके पंचायतों को मजबूत करने का काम किया। राजीव गांधी लोगों के दिलों में आज भी जिंदा हैं और हमेशा रहेंगे। कांग्रेसियों ने एक स्वर में कहा कि राजीव गांधी का बलिदान राष्ट्र के लोगों के लिए सदैव अनुकरणीय रहेगा।
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, प्रदेश सचिव अशरफुल होदा, ओबीसी प्रकोष्ठ प्रदेश महासचिव मायाधर बेहरा, प्रवक्ता सह जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय, जिला महासचिव बालेमा कुई, कैरा बिरुवा, अशोक बारीक, लियोनार्ड बोदरा, जिला सचिव जाम्बी कुदादा, संतोष सिन्हा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————