बलरामपुर जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, महिलाओं को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

बलरामपुर जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, महिलाओं को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

बलरामपुर, 24 मई (हि.स.)। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में शासन प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इन्हीं प्रयासो के सकारात्मक परिणाम के फलस्वरूप बलरामपुर जिला अस्पताल में अब स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति कर दी गई है।

डॉ. शुभम मित्रा (डी.एन.बी.) ने आज शनिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। डॉ. शुभम मित्रा ने कहा है कि, वे पूरी निष्ठा और सेवा भावना से काम करेंगे और जिले की महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और परामर्श से कई जटिल बीमारियों को रोका जा सकता है, इसलिए महिलाएं बिना संकोच अस्पताल में आकर सेवाएं लें सकती है।

लंबे समय से स्त्री रोग विशेषज्ञ पद रिक्त रहने से जिले की महिलाओं को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। गर्भावस्था, प्रसव, माहवारी विकार, गर्भनिरोध, हार्मोनल असंतुलन जैसी जटिल बीमारियों में उन्हें समुचित परामर्श और इलाज के लिए दूरदराज के जिलों की ओर रुख करना पड़ता था। इससे उन्हें मानसिक, शारीरिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

अब जिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित उपस्थिति से महिलाओं के विभिन्न समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। डॉ. शुभम मित्रा अस्पताल के कक्ष क्रमांक चार में उपलब्ध रहेंगे और महिलाओं को निःशुल्क परामर्श, जांच और उपचार की सेवाएं प्रदान करेंगे।

स्त्री रोग विशेषज्ञ के उपस्थिति में प्रसूता माताओं को भी समय पर निगरानी, परामर्श एवं समुचित चिकित्सा मिलने लगेगी, जिससे मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में सहायता मिलेगी। स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की महिलाओं को खासा लाभ मिलेगा। लोग निजी अस्पतालों में जाने के बजाय सरकारी जिला अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ले पाएंगे।

इससे न केवल आर्थिक बोझ कम होगा बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। जिससे महिलाओं के जीवन स्तर और स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा।

—————