झज्जर : सीजेएम ने सेफ हाउस में प्रेमी जोड़े का हाल-चाल जाना

झज्जर : सीजेएम ने सेफ हाउस में प्रेमी जोड़े का हाल-चाल जाना

झज्जर, 29 मई (हि.स.)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) विशाल ने गुरुवार को सेफ हाउस बहादुरगढ़ का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर मिले प्रेमी जोड़े से सीजेएम ने उनका हाल-चाल जाना और व्यवस्थाओं व सुरक्षा इंतजाम के बारे में पूछताछ की।

सीजेएम ने सेफ हाउस की साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया और इंचार्ज को निर्देश दिए कि परिसर में स्वच्छता बनाए रखी जाए। साथ ही, गर्मी के मौसम को देखते हुए ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने सेफ हाउस में रह रहे प्रेमी जोड़ों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी निजता का सम्मान बनाए रखने और उनके अधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान सेफ हाउस में एक प्रेमी जोड़ा मौजूद मिला, जिनसे सीजेएम विशाल ने व्यक्तिगत रूप से संवाद किया। बातचीत के दौरान प्रेमी जोड़े ने बताया कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं मिल रही हैं और उनकी किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के प्रति कोई शिकायत नहीं है। वे पूर्णतः सुरक्षित महसूस कर रहे हैं और संतुष्ट हैं।

—————