एक्टिंग सीजे की कोर्ट के बाहर वकीलों ने किया प्रदर्शन, कोर्ट का किया बहिष्कार

जयपुर, 31 अगस्त । राजस्थान हाईकोर्ट के एक्टिंग सीजे संजीव प्रकाश शर्मा के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता की ओर से सीजेआई को लिखे पत्रों में लगाए आरोपों के मुद्दे पर वकीलों ने सोमवार को हाईकोर्ट की जयपुर पीठ में एक्टिंग सीजे के कोर्ट कक्ष के बाहर प्रदर्शन व नारेबाजी की। वहीं बाद में उनकी कोर्ट का बहिष्कार कर दिया। इससे एक्टिंग सीजे की कोर्ट में केसों की प्रभावी सुनवाई नहीं हो पाई। वकीलों के विरोध के चलते एक्टिंग सीजे एक-सवा घंटे ही सुनवाई कर सके और बाद में उठकर चले गए।

वकील सुबह करीब 10 बजे से ही एक्टिंग सीजे की कोर्ट के बाहर इकट्ठा होना शुरू हो गए थे। कोर्ट शुरू होने तक वकीलों की संख्या बढने लगी और उन्होंने एक्टिंग सीजे के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इससे ज्यादातर वकील एसीजे की कोर्ट में जा ही नहीं पाए। इससे महत्वपूर्ण केसों की सुनवाई भी नहीं हो पाई। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता ने सीजेआई को लिखे पत्रों में राजस्थान हाईकोर्ट में स्थायी सीजे की नियुक्ति करने और एसीजे शर्मा पर कई आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल दूसरे हाईकोर्ट में ट्रांसफर करने आग्रह किया था। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, जयपुर के अध्यक्ष राजीव सोगरवाल का कहना है कि इस संबंध में बार एसोसिएशन, सीजेआई को एक प्रतिवेदन भेजेेगी और उसमें उनसे जस्टिस मेहता के लिखे गए पत्रों की जांच जल्दी पूरी कराने का आग्रह किया जाएगा।