सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन को प्रशासन ने किया भंग

सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन को प्रशासन ने किया भंग

पश्चिम सिंहभूम, 9 जून (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन और इसी नाम से संचालित किसी भी संस्था को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। उपायुक्त चंदन कुमार के आदेश के मुताबिक, इस संस्था की ओर से संचालित या धारित सभी परिसंपत्तियों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया जाएगा और इन्हें जिला खेलकूद शाखा के सुपुर्द करने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को संबंधित संपत्तियों को सील कर जिला खेलकूद शाखा को सौंपने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके साथ ही, सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से संचालित सभी टूर्नामेंट्स को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। आगामी और पूर्व निर्धारित टूर्नामेंट्स के संचालन पर विचार करने के लिए 14 जून 2025 को सुबह 11:00 बजे समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की जाएगी। अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को सभी संबंधितों को इस बैठक की सूचना देने का निर्देश भी दिया गया है।

यह कार्रवाई जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय के ज्ञापन और नेशनल स्पोर्ट्स डेवलपमेंट कोड ऑफ़ इंडिया, 2011 के प्रावधानों के तहत की गई है। आदेश की प्रति सभी संबंधितों को भेजी जा रही है।

—————