श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध दर्शन व्यवस्था को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार द्वारा रुट लाइन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों को किसी भी परिस्थिति में अपना ड्यूटी स्थल नहीं छोड़ने के सख्त निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं विधि व्यवस्था प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या आपात स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रुट लाइन पर मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत की। श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक व्यवस्था की सराहना करते हुए बताया कि उन्हें दर्शन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई तथा व्यवस्था में लगे कर्मियों का व्यवहार अत्यंत सहयोगात्मक और सराहनीय रहा।
तपती गर्मी को देखते हुए उपायुक्त ने संपूर्ण रुट लाइन में नियमित अंतराल पर पानी का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। जिससे नंगे पांव चल रहे श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। शिवगंगा में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की हर गतिविधि पर निगरानी रखी जाए। कतार में खड़े नहीं हो सकने वाले श्रद्धालुओं को जलार्पण काउंटर के माध्यम से जल चढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। इससे भीड़ का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सकेगा।