सुकमा: जगरगुण्डा थाना क्षेत्रान्तर्गत से पुलिस ने एक नक्सली को किया गिरफ्तार

एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि नक्सल उन्मूलन अभियान तहत मुखबिर के सूचना पर बुधवार को थाना जगरगुण्डा से एसडीओपी तोमेश वर्मा, निरीक्षक प्रदीप जान लकड़ा थाना प्रभारी जगरगुण्डा के हमराह जिला बल एवं कैम्प कमारगुड़ा से विकास कुमार, सहायक कमाण्डेन्ट के हमराह 231 वाहिनी सीआरपीएफ का बल की संयुक्त पार्टी ग्राम बैनपल्ली,परलागट्टा व आस-पास क्षेत्र की ओर केसो ड्यूटी/नक्सली आरोपितों की धरपकड़ हेतु रवाना हुए थे। अभियान के दौरान ग्राम परलागट्टा के जंगल से थाना जगरगुण्डा के प्रकरण में फरार चल रहे मिलिशिया सदस्य मिड़ियम मंगडू उर्फ मंगलू(29 वर्ष ) निवासी पटेलपारा परलागट्टा थाना जगरगुण्डा जिला सुकमा को पकड़ा गया। पकड़े गए नक्सली आरोपित ने मई 2025 में थाना जगरगुण्डा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत के उपसरपंच को पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर हत्या करने की घटना में शामिल रहना स्वीकार किया गया तथा घटना में प्रयुक्त किया गया 02 नग लकड़ी के डण्डे को निशान देही से बरामद किया गया।

घटना के संबंध में जगरगुण्डा में अपराध पंजीबद्ध है। उक्त घटना में आरोपित के विरूद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर बुधवार को विशेष न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड मिलने पर जेल भेजा गया।