सेंट्रल स्टेशन की पार्किंग में खड़ी लग्ज़री कार में मिला सीआरपीएफ इंस्पेक्टर का शव

मृतक की पहचान उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के रहने वाले निर्मल उपाध्याय (38) के रूप में हुई। वह सीआरपीएफ में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पुलवामा में थी। मृतक का विवाह साकेत नगर में रहने वाली शशि उपाध्याय के साथ साल 2023 में हुआ था।

पत्नी ने बताया कि करीब 12 दिन पहले वह छुट्टी लेकर उनके उत्तराखंड के मकान में किराए पर रहने वाले संजय चौहान के साथ कानपुर आए थे। गुरुवार की देर रात शराब पीने के बाद पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया था। शुक्रवार सुबह निर्मल बिना किसी को बताए कार लेकर चले गए थे।

संजय ने बताया कि निर्मल ने कहा कि उन्हें पुलवामा वापस जाना है इसलिए तुम वापस हो जाओ मैं ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहा हूं। शाम के समय एकाएक पार्किंग में काम करने वाले लड़कों का ध्यान उस कार पर गया। संदेह होने पर इसकी सूचना जीआरपी को दी गयी। जब कार का दरवाजा खोला गया। निर्मल मृत अवस्था में पाए गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

एसीपी रेलवे दुष्यंत सिंह ने बताया कि कैंट साइड पार्किंग एरिया में लग्जरी कार के अंदर सीआरपीएफ इंस्पेक्टर का शव मिला था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम विधि कार्रवाई की जा रही है।