त्योहारों के भीड़ को लेकर रेल मंडल बनाया वार रूम, सुरक्षा और भीड पर रखी जा रही नजर

इस केंद्र के जरिए स्टेशनों पर स्थिति पर रीयल-टाइम नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि वार रूम के साथ-साथ सभी प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरों की मदद से निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नया होल्डिंग एरिया भी तैयार किया गया है, ताकि प्रतीक्षारत यात्रियों को आरामदायक ठहराव मिल सके। इसके अलावा यात्री सूचना प्रणाली को सशक्त बनाया गया है, ताकि घोषणाओं के माध्यम से भीड़ और ट्रेन संचालन का प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जा सके।

त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की बढ़ी हुई संख्या को देखते हुए भारतीय रेल ने इस वर्ष देशभर में 12 हजार से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है।

वहीं चक्रधरपुर मंडल की ओर से 08183/08184 टाटानगर–बक्सर–टाटानगर साप्ताहिक दीवाली/छठ विशेष ट्रेन सहित 12 जोड़ी दुर्गा पूजा, दीवाली और छठ पर्व विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनका ठहराव मंडल के विभिन्न मध्यवर्ती स्टेशनों पर रहेगा। मंडल प्रशासन ने कहा कि त्योहारी अवधि में की गई यह तैयारी न केवल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि उन्हें एक सहज, सुरक्षित और सुखद यात्रा अनुभव भी देगी।