दिल्ली के आधिकारिक लोगो का चयन करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक विशिष्ट समिति का गठन किया था। शनिवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में इस समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीडब्ल्यूडी व जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यावरण व उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, विशेषज्ञ समिति के सदस्य व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में उन लोगो पर विचार-विमर्श किया गया, जिसे समिति ने फाइनल किया था। समिति ने जिन लोगो को फाइनल किया था, उनमें दिल्ली की विशिष्ट पहचान, गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, विकास और जनता की आकांक्षाओं को दर्शाया गया था। लंबे मंथन के बाद चुनिंदा लोगो का चयन कर लिया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार जल्द ही एक और बैठक में दिल्ली का आधिकारिक लोगो फाइनल कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस लोगो को एक नवंबर, दिल्ली दिवस (स्थापना दिवस) पर जारी किया जाएगा, जिसके बाद वह देश की राजधानी दिल्ली की स्थायी पहचान बन जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अभी तक दिल्ली का कोई आधिकारिक लोगो ही नहीं है। देश के अधिकतर राज्यों का अपना लोगो है, जो उस राज्य की पहचान है। हमारी सरकार ने आते ही लोगो के चयन को लेकर कार्य शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि लोगो के डिजाइन व उसके चयन को लेकर माईजीओवीडॉटइन पोर्टल पर लोगो डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पोर्टल पर पूरे देश से 1800 से अधिक प्रविष्टियां/डिजाइन प्राप्त हुए। प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन करने और उनमें से चयन/शॉर्टलिस्टिंग के लिए सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव की अध्यक्षता में एक विशेषज्ञ समिति गठित का गठन किया गया था, जिसने सभी लोगो डिजाइन प्रविष्टियों का मूल्यांकन किया और उनमें से कुछ का चयन किया।