हत्या आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार

उल्लेखनीय है कि अमेठी जिले के फुरसतगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चक देहरामऊ मजरे केसरिया सलेमपुर गांव निवासी हौसिला प्रसाद (45) पुत्र रामपाल को बीते 26 अक्टूबर को सराय महेशा गांव के दबंग युवक शुभम सिंह पुत्र जगरूप सिंह ट्रैक्टर में मिट्टी भरवाने के लिए अपने साथ ले गया था। पूरे दिन मेहनत कराने के बाद जब हौसिला ने शाम को अपनी मजदूरी मांगी तो शुभम सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि शुभम सिंह ने कहा— “चलो तुम्हें दारू पिलाता हूं,” और जब हौसिला पैसे की मांग पर अड़ा रहा तो शुभम सिंह ने उसे लात-घूंसों और डंडों से इस कदर बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया कि हौसिला की रीढ़ की हड्डी टूट गई। मौके पर मौजूद दो अन्य लोग उसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन शुभम सिंह नहीं माना। पिटाई के बाद गंभीर रूप से घायल मजदूर हौसिला को शुभम ने उसके घर के बाहर फेंककर फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि घायल अवस्था में हौसिला को रायबरेली, मुंशीगंज (अमेठी) और लखनऊ के अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने हर जगह जवाब दे दिया। आखिरकार परिवारजन उसे घर लेकर लौट आए, जहां शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।

इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों की ओर से पहले ही थाने में तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर थाना फुरसतगंज में 30 अक्टूबर को एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब हौसिला प्रसाद की मृत्यु होने के बाद धाराओं को तरमीम कर दिया गया है। यही नहीं फरार आरोपी शुभम सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और पूछताछ करते हुए नियमानुसार कार्यवाही करने में जुटी हुई है, सीओ ने कहा कि परिजनों को आश्वस्त किया गया है कि न्याय में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाएगी।