बीजापुर : बीजापुर के 102 ग्राम पंचायत मोबाइल नेटवर्क से जुड़ा, 69 ग्रामों में मोबाइल टावर स्थापित

यूनि‍वर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन फंड परियोजना के अंतर्गत बीएसएनएल और जियो द्वारा जिले के 330 गांवों में मोबाइल टॉवर स्थापित करने का प्रस्ताव है। इनमें से अब तक 69 ग्रामों में टावर स्थापना कार्य पूर्ण किया जा चुका है, और 8 ग्रामों में कार्य प्रगति पर है। इन पहलों से बीजापुर जिले के दूरस्थ, वनाच्छादित और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा का दायरा बढ़ा है। इससे ग्रामीणों को न केवल शासकीय योजनाओं की जानकारी आसानी से मिल रही है, बल्कि ऑनलाइन शिक्षा, टेलीमेडिसिन और डिजिटल लेन-देन जैसी सेवाओं तक भी पहुंच सुलभ हो गई है। प्रशासन का कहना है, कि आगामी समय में जिले के सभी ग्रामों को नेटवर्क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे बीजापुर डिजिटल रूप से सशक्त जिलों की श्रेणी में शामिल हो सकेगा।