बरेली मंडल में खरीदी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रीजनल फूड मार्केटिंग ऑफिसर सचिन चौरसिया ने बताया कि मंडल के चार जिलों के लिए 7.19 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य तय है। अब तक 1,06,853 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। 17,077 किसानों को 24,536 लाख रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे जा चुके हैं। सभी केंद्र प्रभारियों को धान खरीद में तेजी लाने और भुगतान में देरी न करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी कमलेश कुमार पांडेय ने कहा, “किसान को समय पर भुगतान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर किसान का धान एमएसपी पर खरीदा जाएगा और भुगतान 48 घंटे के भीतर उनके बैंक खाते में भेजा जाएगा।”
प्रदेश में अब तक 2.86 लाख मीट्रिक टन धान खरीदा जा चुका है और 43 हजार से ज्यादा किसानों को 545 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका है। सरकार का लक्ष्य इस सीजन में 60 लाख मीट्रिक टन के करीब पहुंचने का है।