रांची, 19 नवंबर । उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार को रांची समाहरणालय भवन में एक दिवसीय रक्तदान शिविर सह मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सौरभ कुमार भुवनिया ने किया।
डीडीसी ने कहा कि रक्तदान एक अत्यंत महत्वपूर्ण और मानवता से जुड़ा कार्य है, जिसके माध्यम से कई ज़रूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, एलआरडीसी कार्यालय, एनआईसी रांची, ओरमांझी अंचल कार्यालय, उप समाहर्ता कार्यालय, उपायुक्त का गोपनीय शाखा तथा पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रक्तदाताओं में एसडीओ उत्कर्ष कुमार, डीआईओ राजीव रंजन सहित अनेक कर्मी शामिल थे। इसके अलावा सिविल कोर्ट के तीन अधिवक्ताओं ने भी रक्तदान कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
शिविर में कुल 26 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया और 44 अधिकारियों एवं कर्मियों की स्वास्थ्य जांच की गई।
जिला प्रशासन ने सभी रक्तदाताओं, तथा सदर अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. रंजू सिन्हा एवं उनकी टीम को इस सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। यह शिविर झारखंड के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।————