फतेहपुर, 09 फरवरी (हि.स.)। जिले में शुक्रवार बीती रात सड़क सुरक्षा व ओवरलोडिंग के खिलाफ परिवहन विभाग द्वारा चलाए गये चेकिंग अभियान के दौरान ओवरलोड वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। एआरटीओ प्रवर्तन लक्ष्मीकांत द्वारा दो ट्रकों को सीज किया गया, साथ ही तीस अन्य ओवरलोड ट्रकों पर भारी जुर्माना ठोंकते हुए चालान किये जाने की कार्रवाई की गई।
खागा तहसील की मझगवां खदान से मौरंग लेकर आ रहे ओवरलोड ट्रकों के खिलाफ एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय लक्ष्मीकांत द्वारा बीती रात औचक चेकिंग अभियान चलाया गया। विजयीपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में चलाये गये चेकिंग अभियान में दो ट्रकों पर भारी जुर्माना लगाते हुए सीज कर दिया गया वहीं तीन अन्य ट्रकों पर ओवरलोडिंग पाये जाने पर चालान करने की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय लक्ष्मीकांत ने बताया कि समय समय पर जिले में ओवरलोडिंग सहित सड़क सुरक्षा जागरूकता के उद्देश्य से चेकिंग अभियान चलाया जाता रहता है। बीती रात खागा तहसील क्षेत्र में ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई की गई। जिसमें दो ट्रकों को सीज किया गया और तीन अन्य ट्रकों का चालान किया गया। करीब पांच लाख रुपये का जुर्माना किया गया है। ओवरलोडिंग को रोकने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाती रहेगी।