रायसेनः बेगमगंज में जिला स्तरीय युवा संगम मेला सम्पन्न, विभिन्न कम्पनियों ने किया युवाओं का चयन

रायसेन, 09 दिसम्बर । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मंगलवार को बेगमगंज स्थित जनपद पंचायत प्रांगण में जिला स्तरीय युवा संगम मेले का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष संदीप लोधी द्वारा किया गया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार उद्योग केन्द्र, ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत एवं शासकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित इस युवा संगम कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा सहभागिता की गई तथा कम्पनियों द्वारा उनके मापदण्ड अनुसार युवाओं का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया गया। इसके साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत बैंको के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराया गया।

जिला रोजगार अधिकारी एबी खान ने बताया कि युवा संगम मेले में 355 युवाओं का पंजीयन किया गया। इन पंजीकृत युवाओं में से 9 कम्पनियों शिवशक्ति एग्रीटेंक द्वारा 39 युवाओं, समर्थन ग्रुप द्वारा 13 युवाओं, पुखराज हेल्थकेयर द्वारा 37 युवाओं, नवभारत फर्टिलाइजर द्वारा 07 युवाओं, एनआईआईटी द्वारा 04 युवाओं, आरसेटी द्वारा 14 युवाओं, माइड्रेट स्पोर्ट द्वारा 25 युवाओं, सागर ग्रुप मेन्युफेक्चिरिंग द्वारा 12 युवाओं एवं यशस्वी ग्रुप द्वारा 86 युवाओं इस प्रकार कुल 237 बेरोजगार युवा-युवतियों का चयन किया है। युवा संगम मेले में एसडीएम सौरभ मिश्रा, महाप्रबंधक आषुतोष गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।