प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) और सेवा वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में जरूरतमंदों के लिए चलाया जा रहा वस्त्र वितरण अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में रविवार को तोरपा प्रखंड के सुदूरवर्ती गांव गुम्पीला एवं उनुकदा में जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया।
ठंड के इस मौसम में जब गरीब और जरूरतमंद लोग कड़ाके की सर्दी से जूझ रहे हैं, ऐसे समय में यह पहल उनके लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई। वस्त्र पाकर कई ग्रामीण भावुक हो उठे और कहा कि वे इन्हीं कपड़ों को पहनकर क्रिसमस का त्योहार मनाएंगे।
गर्म कपड़े मिलने से जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान दौड़ गई। इस अभियान की सतत मॉनिटरिंग डालसा की सचिव सह न्यायिक पदाधिकारी राजश्री अपर्णा कुजूर की ओर से की जा रही है, ताकि सहायता वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे और वितरण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सुचारु बनी रहे।
वस्त्रों का संग्रहण एवं वितरण सेवा वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष अजय शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस कार्य में सुमित कुमार एवं इलियास मुंडा का विशेष सहयोग रहा। टीम के सदस्यों ने गांव-गांव जाकर जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें सम्मानपूर्वक वस्त्र प्रदान किए।
बताया गया कि वस्त्र दान व्यवहार न्यायालय और डीएवी स्कूल परिवार ने किया गया।