घटना रविवार शाम करीब सात बजे ऋषभदेव थाना क्षेत्र के बिलख गांव की है।
थानाधिकारी हेमंत अहारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में मोर का शिकार कर नॉनवेज पार्टी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रूपलाल (45) के खेत पर बने कमरे में मोर का मांस पकाने की तैयारी चल रही थी। पुलिस ने मौके से रूपलाल के साथ हिस्ट्रीशीटर अर्जुन मीणा (55) और उसके साथी राकेश मीणा (38) को गिरफ्तार किया। अर्जुन मीणा के खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें से 16 से अधिक प्रकरण राजस्थान में दर्ज बताए गए हैं।
मौके पर मोर का पंख तथा अधजला सिर मिलने पर वन विभाग की टीम को बुलाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने अवशेषों की जांच के बाद राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार की पुष्टि की। आवश्यक सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नॉनवेज पार्टी के उद्देश्य से मोर का शिकार किया था और उसका मांस पकाकर वहीं खाने की तैयारी कर रहे थे। मामले में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।