फतेहाबाद :पांच हजार के इनामी बदमाश को दो अवैध पिस्तौल व कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

फतेहाबाद, 30 अक्टूबर । सीआईए रतिया ने एक शातिर अपराधी को शिकंजे में कसने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पांच हजार के इनामी और कुख्यात आरोपी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुतेहाबाद जिले के गांव सिधानी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर व 12 बोर के दो अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में डीएसपी क्राइम राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हरियाणा व पंजाब के विभिन्न थानों में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित था, जिसके खिलाफ थाना सदर रतिया में शस्त्र अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

डीएसपी क्राइम राजीव कुमार ने बताया कि इनामी व वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सीआईए रतिया की टीम एएसआई गोविंद के नेतृत्व में गांव चिम्मो से घासवा रोड की ओर गश्त पर थी। इसी दौरान गांव चिम्मो के स्कूल ढाणी मोड़ के पास एक युवक हाथ में सफेद रंग का प्लास्टिक थैला लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह अचानक मुडक़र वहां से हटने लगा और कुछ दूरी पर जाकर बैठ गया। उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस टीम ने नियम के अनुसार आरोपी के हाथ में मौजूद थैले की तलाशी ली, तो उसमें से .32 बोर का एक अवैध पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा थैले से 12 बोर का एक अन्य अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस भी मिला। पुलिस ने दोनों पिस्तौल व कारतूसों को कब्जे में ले लिया।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संदीप का रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ गंभीर प्रकृति के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी पर हरियाणा के विभिन्न थानों में 6 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी देने और अवैध हथियार रखने जैसे अपराध शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब में भी आरोपी के खिलाफ हत्या प्रयास के तहत दो अलग-अलग केस दर्ज हैं। डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी के पास से दो अवैध हथियार मिलने के मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी ये हथियार कहां से लाया था और इन्हें रखने के पीछे उसका क्या मकसद था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए इनामी व वांछित अपराधियों के खिलाफ फतेहाबाद पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।