भोपाल में सतपुड़ा भवन के पास झाड़ियों में लगी आग, दूर तक दिखा धुंए का गुबार

जानकारी अनुसार अस्थाई प्लास्टिक शौचालय झाड़ियों के बीच रखे गए थे, जिस कारण आग लगते ही आसपास की झाड़ियां भी चपेट में आ गईं। प्लास्टिक होने के कारण आग तेजी से भड़की और स्मार्ट शौचालय कुछ ही मिनटों में खाक हो गए। गनीमत रही कि आग इलाके में फैली नहीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास का रहवासी क्षेत्र और हरे-भरे पेड़ भी खतरे में आ सकते थे। जिस जगह आग लगी, वहां से नजदीक ही वल्लभ नगर बस्ती है। आग बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते में लगी थी। यदि आग फैलती तो बस्ती तक पहुंच सकती थी। रहवासियों का कहना है की यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। आंशका है की किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों का कहना है कि समय पर कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। एमपी नगर पुलिस जांच में जुटी है।