थाना बलौदा क्षेत्र में जुआ खेलते तीन आरोपित गिरफ्तार, नगदी व ताश के पत्ते जब्त

जांजगीर-चांपा, 22 जनवरी (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में जुआ एवं सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना बलौदा पुलिस ने जुआ खेलते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

थाना बलौदा पुलिस द्वारा 21 जनवरी की देर रात ग्राम नवगंवा में मुखबिर सूचना के आधार पर दबिश देकर जुआ खेल रहे आरोपिताें को रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से जुवारीयों के कब्जे से 2,500 रुपये नगद राशि एवं 52 पत्ती ताश जप्त की गई। इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय से आज गुरुवार काे जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

गिरफ्तार आरोपिताें के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत विधिवत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपिताें में सुकांत विश्वास उम्र 34 वर्ष निवासी खैजा चैंकी पंतोरा, शशांक कहरा उम्र 33 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 17 चंदनियापारा जांजगीर तथा मोहनलाल मधुकर उम्र 43 वर्ष निवासी बोकरेल थाना बलौदा शामिल हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उप निरीक्षक राजेश साह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार तथा आरक्षक दीपक कश्यप, रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, टिकेश्वर राठौर और रोहित साहू का सराहनीय योगदान रहा।