गुरुग्राम, 29 जनवरी । अपराध से अर्जित की गई संपत्ति से सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे पर गुरुवार को बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। साथ ही सरकारी संपत्ति को कब्जा मुक्त करा लिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि यह कार्यवाही अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों पर अंकुश लगाने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
जानकारी के अनुसार गांव कासन में अवैध रूप से मकान बनाकर रहने वाले अपराधी संजय उर्फ संजू द्वारा नगर निगम की 200 वर्गगज जमीन पर मकान बनाकर कब्जा किया हुआ था। पुलिस द्वारा एकत्रित की गई सूचनाओं एवं तथ्यों से यह सामने आया कि आरोपी ने गांव कासन खसरा नंबर 270 नगर निगम मानेसर की लगभग 200 वर्ग गज सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। वहां पर एक मकान बना रखा है। टाउन प्लानर अधिकारी नगर निगम मानेसर संजय शर्मा, निरीक्षक सत्यवान, प्रभारी पुलिस थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर की पुलिस टीम एवं नगर निगम के अधिकारियों के सांझा सहयोग से इस अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी संजय उर्फ संजू पुत्र रामजीलाल, निवासी गांव कासन, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) नामक व्यक्ति एक शातिर किस्म का अपराधी है, जो लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ बेचने की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। इसके विरुद्ध अवैध मादक पदार्थ बेचने जैसे गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं।