यमुनानगर, 03 फ़रवरी । यमुनानगर में पुलिस पर जानलेवा हमले के मामले में एक वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। डीएसपी आशीष चौधरी ने मंगलवार काे पत्रकाराें से बातचीत में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात गैंग से जुड़ा एक सक्रिय अपराधी इलाके में घूम रहा है और किसी गंभीर वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना के आधार पर साेमवार की रात जिले की विभिन्न अपराध शाखाओं को सतर्क कर विशेष निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान अपराध शाखा-2 की टीम को गुप्त इनपुट प्राप्त हुआ कि संदिग्ध अपराधी गोलनी से स्यालवा की ओर जाने वाली सड़क पर खड़ा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने चेतावनी की अनदेखी करते हुए पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपी द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली पुलिस कर्मी रोहन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पीछा करने पर वह रेलवे अंडरपास की ऊंची दीवार से नीचे कूद गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया और तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। डीएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक रिहायशी क्षेत्र में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा वह शस्त्र अधिनियम से जुड़े एक मामले में भी वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।