(संशोधित) वानखेड़े स्टेडियम में शनिवार को शानदार ओपनिंग सेरेमनी से होगा आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप का आगाज

मुंबई, 06 फरवरी । आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 07 फरवरी को मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में एक भव्य और हाई-एनर्जी ओपनिंग सेरेमनी के साथ होगी। यह रंगारंग समारोह भारत और अमेरिका के बीच होने वाले उद्घाटन मुकाबले से पहले पूरे टूर्नामेंट के माहौल को जोश और उत्साह से भर देगा।

इस ओपनिंग सेरेमनी में शाम 6 बजे वानखेड़े स्टेडियम को एक विशाल और इमर्सिव मंच में तब्दील किया जाएगा, जहां लाइव म्यूज़िक, बड़े पैमाने की कोरियोग्राफी और शानदार विज़ुअल्स देखने को मिलेंगे। समारोह का मुख्य आकर्षण आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी का भव्य आगमन होगा।

कार्यक्रम की शुरुआत ऋषभ शर्मा और शिवमणि के दमदार म्यूज़िकल मेडली से होगी। इसके बाद एक जेटपैक पर सवार कलाकार द्वारा वर्ल्ड कप ट्रॉफी को स्टेडियम में लाया जाएगा, जो दर्शकों के लिए एक बेहद रोमांचक और यादगार पल होगा।

ट्रॉफी का स्वागत आईसीसी चेयरमैन जय शाह और पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा करेंगे। रोहित शर्मा ने 2024 संस्करण में भारत को खिताबी जीत दिलाई थी। उनके साथ सभी भाग लेने वाले देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 20 बच्चे मौजूद रहेंगे, जिनके साथ मिलकर वे औपचारिक रूप से आईसीसी पुरुष टी-20 वर्ल्ड कप का उद्घाटन करेंगे।

इसके बाद दर्शकों को संगीत और नृत्य का शानदार संगम देखने को मिलेगा। मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपनी हाई-एनर्जी लाइव परफॉर्मेंस से मंच संभालेंगे, जबकि नोरी फतेही अपने दमदार डांस परफॉर्मेंस से समां बांधेंगी। बड़ी संख्या में डांसर्स के साथ होने वाले इस कार्यक्रम का समापन बादशाह और नोरी फतेही की संयुक्त ग्रैंड फिनाले परफॉर्मेंस के साथ होगा।

टी-20 क्रिकेट की तेज़ रफ्तार और ऊर्जा को दर्शाने के उद्देश्य से इस समारोह को खास तौर पर डिज़ाइन किया गया है, जिसमें पूरे मैदान को एक विज़ुअल कैनवास के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा और आधिकारिक टूर्नामेंट लोगो मुख्य परफॉर्मेंस स्टेज की भूमिका निभाएगा। समारोह का समापन शानदार आतिशबाज़ी के साथ होगा, जिसके बाद मैदान पर असली ‘फायरवर्क्स’ भारत और अमेरिका के बीच शाम 7 बजे शुरू होने वाले मुकाबले में देखने को मिलेंगे।