सूरजपुर : शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर में दो दिवसीय वार्षिक खेलोत्सव का आयोजन

सूरजपुर, 07 फ़रवरी ।शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर में 6 एवं 7 फरवरी को दो दिवसीय वार्षिक खेलोत्सव का आयोजन किया गया। खेलोत्सव का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य बृजलाल साहू द्वारा रिबन काटकर किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्य साहू ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेलकूद के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन एवं टीम भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों के माध्यम से प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

खेलोत्सव के दौरान बैडमिंटन, शतरंज, खो-खो, क्रिकेट एवं एथलेटिक्स सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय की क्रीड़ा सहायक संगीता सिंह सहित समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारियों का सक्रिय सहयोग रहा।