जींद, 08 फ़रवरी । नरवाना खंड के गांव जुलेहड़ा में नाले से कन्या भ्रूण मिलने पर सदर थाना नरवाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव जुलेहड़ा में सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें नाले में कुछ दिखाई दिया। जांच करने पर देखा ताे वह मानव का भ्रूण था। जैसे ही भ्रूण की सूचना मिली तो आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। जब भ्रूण की जांच की गई तो वह कन्या का निकला। जिसके अंग पूरी तरह से विकसित हो चुके थे। भ्रूण लगभग छह से सात माह का दिखाई दे रहा था। नाले में फैंके जाने से साफ है कि किसी महिला ने अपने कृत्य को छुपाने के लिए समय से पूर्व प्रसव करा कर उसे खुर्दबुर्द करने के लिए फैंका है।
भ्रूण एक या दो दिन पुराना था। भ्रूण मिलने की सूचना पाकर गांव के सरपंच तथा पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि अमरीक सिंह की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी दीपक कुमार ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि उस इलाके में लगे सीसी टीवी फूटेज को खंगाला जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।