कृषि विकास, मूल्य संवर्धन को लेकर चंद्रबाबू नायडू ने की शिवराज चौहान से मुलाकात

नई दिल्ली, 10 फरवरी । आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से यहां मंत्रालय में मुलाकात की। इस दौरान राज्य में कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों, योजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत और सार्थक चर्चा हुई।

नायडू ने आंध्र प्रदेश के किसानों की आवश्यकताओं, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन, सिंचाई, प्रसंस्करण तथा कृषि-आधारित उद्योगों के विस्तार से जुड़े विषय केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखे। चौहान ने राज्य की प्राथमिकताओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि आंध्र प्रदेश की कृषि संबंधी सभी प्रमुख समस्याओं का समाधान त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य सरकार के साथ समन्वय बढ़ाकर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

मुलाकात के दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू तथा ग्रामीण विकास एवं संचार राज्यमंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी भी उपस्थित रहे।

चौहान ने पत्रकारों से कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में आंध्र प्रदेश की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आंध्र प्रदेश ने सबसे पहले ‘विकसित भारत जी राम जी योजना में बजट आवंटित किया, जो एक दूरदर्शी और सकारात्मक पहल है तथा कृषि और ग्रामीण विकास के प्रति उसकी गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय बजट में नारियल संवर्धन योजना को विशेष प्राथमिकता दी गई है, साथ ही कोको, काजू एवं अन्य बागवानी फसलों के समग्र विकास के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं।

उन्होंने कहा कि कृषि मंत्रालय, आंध्र प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इन क्षेत्रों में उत्पादन, प्रसंस्करण, निर्यात संवर्धन और किसानों की आय वृद्धि के लिए व्यापक रणनीति तैयार करेगा। इसके लिए मंत्रालय की विशेषज्ञ टीम राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना और रोडमैप तैयार करेगी, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचे। चौहान ने यह भी कहा कि उच्च उत्पादकता और कृषि संभावनाओं को देखते हुए आंध्र प्रदेश को एक अग्रणी कृषि-विकास मॉडल के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। कोको डेवलपमेंट बोर्ड सहित संबंधित संस्थाएं पहले से ही इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार से जुड़े सभी लंबित मुद्दों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा भविष्य की योजनाओं को प्रभावी और परिणामोन्मुख तरीके से आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री नायडू ने मंत्री चौहान को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश का कृषि क्षेत्र नई ऊंचाइयों को छू रहा है और किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहा है। हाल के वर्षों में कृषि क्षेत्र की संरचना और दृष्टिकोण में व्यापक बदलाव आया है तथा अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड इंटीग्रेशन, वैल्यू चेन विकास, एग्री-प्रोसेसिंग और प्रौद्योगिकी आधारित खेती पर विशेष ध्यान देना आवश्यक हो गया है।

————