पानीपत, 10 फ़रवरी । पानीपत पुलिस ने एक नशा तस्कर को 220 ग्राम चरस के साथ काबू किया है। आरोपी की पहचान सुताना गांव निवासी मनीष के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया की बीती शाम उनकी टीम को सूचना मिली थी कि सुताना गांव निवासी मनीष मनाना फ्लाई ओवर अंडर पास के नजदीक मादक पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है।
सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी को देखते ही सामने खड़ा युवक एकदम से तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर युवक को काबू कर पूछताछ की उसने अपनी पहचान मनीष निवासी सुताना के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसकी जेब से पोलोथीन के अंदर 220 ग्राम चरस (नशीला पदार्थ) बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया वह शार्टकट तरिके से मोटे पैसे कमाने के लिए तीन दिन पहले यूपी के शामली में बाईपास पर मिले एक युवक से 300 ग्राम चरस कम कीमत पर खरीदकर लाया था। जिसमें से उसने कुछ चरस राह चलते अज्ञात नशा करने वालों को बेच दी। सोमवार को बची 220 ग्राम चरस को लेकर आरोपी समालखा क्षेत्र में बेचने के लिए आया था, और मनाना फ्लाई ओवर अंडर पास के नजदीक ग्राहक की फिराक में घूम रहा था।
पुलिस ने आरोपी मनीष के खिलाफ थाना समालखा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर मंगलवार को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।