फरीदाबाद : हवाला का डर दिखाकर लाखों की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद, 12 फरवरी । आतंकी गतिविधि में शामिल होने व हवाला का पैसा प्राप्त करने का डर दिखाकर करीब सवा 14 लाख रुपए की ठगी मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि सेक्टर-37, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई कि 30 नवंबर 2025 को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को पंचकूला पुलिस हेडक्वार्टर से बताकर कहा कि उसका नाम पहलगाम टेरर एक्टिविटी में शामिल है तथा यदि उसे एंटी टेरर स्क्वाड, पुणे से नॉन इन्वॉल्वमेंट सर्टिफिकेट नहीं मिला तो उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद कॉल को ट्रांसफर किया गया, जहां उसे बताया गया कि उसके खाते में हवाला के पैसों का लेन-देन हुआ है। ठगों ने एनआईसी बनवाने और फंड को लीगल कराने के नाम पर उससे बैंक खाते की जानकारी मांगी और दिए गए खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा। यह भी भरोसा दिलाया गया कि जांच के बाद यदि कोई लिंक नहीं मिलता है, तो पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। झांसे में आकर उसने 14 लाख 27 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए, लेकिन उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए बाड़मेर (राजस्थान) निवासी लखदान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लखदान एक ट्यूशन टीचर है और उसने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया हुआ था। उसके खाते में ठगी से जुड़े 12 लाख 27 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे। आरोपी को आज अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।